Saturday, April 20th, 2024 Login Here
आरआई ने कहा-सिर्फ बाहर बैठाया था, एसपी भी पहुंचे लाईन
मंदसौर जनसारंगी।
पुलिस लाईन में आरआई पर पुलिस जवान के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है। बताया जाता है कि बोलचाल से शुरु हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। आरआई ने पुलिस जवान के साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस जवान एएसपी मनकामना प्रसाद के घर भी पहुंचे और इस मामले में शिकायत की। बाद में एसपी सिध्दार्थ चौधरी भी पुलिस लाईन पहुंचे और पुलिस जवानों व आरआई से बात की। हालंाकि इस मामले में पुलिस अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। अधिकारियों के अनुसार यह विभाग का अंदरुनी मामला है। वहीं आरआई ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि पीटी परेड के दौरान आरक्षक को सिर्फ बाहर बैठाया था।
मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार की सुबह लाईन में पीटी हो रही थी। आरआई विजय कुमार शुक्ला सभी पुलिस जवानो से दौड़ लगवा रहे थे। इसी दौरान एक आरक्षक के पैर में चोट लग गई। जिसके कारण वह दौड़ नहीं पा रहा था। इससे शुक्ला नाराज हो गए और उन्होंने जवान के साथ मारपीट की। बाद में कुछ पुलिस जवान एएसपी मनकामना प्रसाद के घर पहुंचे और मामले में आवेदन देकर शिकायत की। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिध्दार्थ चौधरी पुलिस लाईन पहुंचे। और घटना की जानकारी लेते हुए सभी से बात की। इस मामले में एएसपी का कहना है कि आवेदन एसपी साहब को पहुंचा दिया है। वहीं एसपी सिध्दार्थ चौधरी ने इस मामले को विभाग का अंदरुनी मामला बताया है। इस मामले में आरआई शुक्ला का कहना है कि पीटी परेड रोजाना होती है। पीटी परेड में जो अपना शतप्रतिशत नहीं दे पाते, उनको बाहर कर दिया जाता है। इसके बाद प्रोत्साहित किया जाता है। आरक्षक को भी बाहर बैठाया गया था। आरक्षक मुझसे हेल्थ हाईट में बहुत ज्यादा है। उसके साथ मारपीट का आरोप बिल्कुल निराधार है। शुक्ला ने यह भी बताया कि रात को कुछ पुलिस जवानों द्वारा अपने रूम में शराब पीने की बातें भी सामने आई है।