Monday, May 6th, 2024 Login Here
नई दिल्ली. नए साल की शुरुआत के साथ राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत मैदानी राज्यों में ठंड से थोड़ी राहत मिली। गुरुवार सुबह कई शहरों के तापमान में 3° से 4° वृद्धि हुई। हालांकि, पंजाब और हरियाणा के कुछ स्थानों पर पारा शून्य के आसपास बना हुआ है। दिल्ली के न्यूनतम तापमान में बुधवार के मुकाबले करीब 4° की वृद्धि हुई और यह 6.6° तक पहुंच गया। आज दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कोहरा रहा। राजस्थान के अलवर में जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर 30 से ज्यादा गाड़ियां भिड़ गईं, 12 लोगों को चोट आई। कम दृश्यता के कारण उत्तर रेलवे की 25 ट्रेनें लेट हुईं।
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 3 दिन बर्फबारी हो सकती है। वहीं, गुरुवार को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र (विदर्भ के कुछ इलाके), छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा में बारिश का अनुमान है
दिल्ली: हवा फिर खराब हुई, एक्यूआई 400 से 500 के बीच
दिल्ली-नोएडा में हवा की गुणवत्ता (एयर क्वालिटी) गंभीर स्तर पर पहुंच गई है। आनंद विहार में एक्यूआई 418, आरके पुरम में 426, रोहिणी में 547, नोएडा के सेक्टर-116 में 421 और सेक्टर-1 में 429 दर्ज हुआ। जो वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति है। एयर क्वालिटी इंडेक्स को 0-50 के बीच ‘बेहतर’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के इलाके गुरुवार सुबह तापमान
पालम 7.8
सफदरगंज 5.8
नई दिल्ली 6.6
राजस्थान: गंगानगर में दृश्यता 25 मीटर हुई, अलवर में 30 गाड़ियां भिड़ीं
श्रीगंगानगर में बुधवार को तापतान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस गर्मियों में यहां का तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया था। गंगानगर में कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर 25 मीटर रह गई। बीकानेर और चुरू 50 मीटर रही। कोहरे के कारण अलवर के पास जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे 8 पर 30 से ज्यादा गाड़ियां भिड़ गईं। इस दौरान 12 लोगों को चोट आई, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राजस्थान के शहर गुरुवार सुबह तापमान
चूरू 7.6
जयपुर 11.6
बिकानेर 5.8
कोटा 12.0
जैसलमेर 6.2
फलोदी 5.0
गंगानगर 5.4
पंजाब-हरियाणा:
पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर तापमान 0.3° सेल्सियस दर्ज हुआ। पठानकोट, आदमपुर, हलवारा, भटिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 0.8 से 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा के शहर गुरुवार सुबह तापमान
हिसार 4.4
अंबाला 7.2
चंडीगढ़ 6.6
मध्य प्रदेश: भोपाल में पारा 14°, कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर रही
मध्य प्रदेश के 40 से ज्यादा शहरों में नए साल की शुरुआत बारिश और ओले के साथ हुई। भोपाल-ग्वालियर, खजुराहो में सुबह कोहरा छाया रहा। भोपाल में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। जबलपुर, सागर, पचमढ़ी, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, बालघाट समेत 40 शहरों में बारिश हुई। कुछ जगह ओले भी गिरे। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला के मुताबिक, प्रदेश में रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी।
मध्य प्रदेश के शहर गुरुवार सुबह तापमान
भोपाल 14.0
सागर 12.2
इंदौर 14.4
जबलपुर 15.0
ग्वालियर 10.6
उत्तर प्रदेश के शहर गुरुवार सुबह तापमान
बरेली 10.0
आगरा 7.2
लखनऊ 10.0
वाराणसी 11.0
गोरखपुर 12.2
बिहार के शहर गुरुवार सुबह तापमान
पटना 11.8
गया 12.8
हिमाचल: केलोंग में तापमान शून्य से 10° नीचे
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को शुष्क और ठंडे मौसम का अनुभव किया गया। यहां केलोंग राज्य का सबसे कम तापमान शून्य से 10° सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.1° कम रहा।
महाराष्ट्र: विदर्भ में आज भी बारिश का अनुमान
नागपुर समेत विदर्भ अकोला, वर्धा और यवतमाल में बुधवार रात तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। जिसके चलते संतरे, गेहूं, चना और कपास की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। अचानक मौसम बदलने से नागपुर का न्यूनतम तापमान 6.5° सेल्सियस तक गिर गया। विदर्भ में गुरुवार को भी बारिश का अनुमान है।