Friday, May 3rd, 2024 Login Here
*भाजयुमो नेता ने 3 दिन पहले दोस्त से कह दिया था सोनू मुझसे शादी करे या फिर उसे मार दूंगा
*आंखें बंद थीं, चेहरे पर लेप लगा था, दुल्हन ने ही हत्यारे को फोन पर दे दिया ब्यूटी पार्लर का पता
रविवार
को जावरा में हुए दुल्हन के हत्याकांड मामले का पुलिस ने आज खुलासा कर
दिया रतलाम निवासी आशिक नेता राम यादव की तीन साल पहले रतलाम में ही एक
मांगलिक कार्यक्रम के दौरान सोनू यादव से पहचान हुई। फिर ये सोशल मीडिया पर
जुड़े और फोन व मैसेंजर पर दोनों की बातें होने लगी। आरोपी ने तीन दिन
पहले शुक्रवार को ही दोस्त पवन पांचाल (जो अभी पुलिस हिरासत में है) से कह
दिया था कि ये (सोनू) मुझसे शादी करे या फिर मैं इसे मार डालूंगा। इस तरह
पहले से ही इन्होंने योजना बना रखी थी। रविवार सुबह सोनू की शादी के तीन
घंटे पहले ही आरोपी ने जावरा पहुंचकर ब्यूटी पार्लर में घूसकर घटना को
अंजाम दे दिया।
शाजापुर निवासी दुल्हन सोनू यादव की
जावरा के ब्यूटी पार्लर में हुई हत्या मामले में एसपी गौरव तिवारी ने तीन
साल से चल रहे प्रेम प्रसंग और तीन दिन पहले से हत्या की प्लानिंग की बात
कही है। एसपी तिवारी रविवार शाम 5 बजे जावरा पहुंचे और हिरासत में लिए गए
आरोपी पवन से पूछताछ के बाद खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पवन को हिरासत
में ले लिया, जबकि राम यादव को भी निम्बाहेड़ा से गिरफ्तार कर लिया है।
रतलाम
में जाटाें के वास में आरोपी राम यादव रहता है, उसी के मोहल्ले में दुल्हन
सोनू यादव की रिश्तेदारी है। तीन साल पहले एक मांगलिक कार्यक्रम में सोनू
जब रतलाम आई तभी राम से मुलाकात हुई और वहीं से इनका प्रेम प्रसंग शुरू हो
गया। बाद में ये फोन पर बातचीत करते रहे। जैसे ही राम को मालूम हुआ कि सोनू
की सगाई हो गई तथा शादी हो रही है तो उसने रिश्ता तोड़ने की शर्त रख दी।
रविवार को पार्लर पहुंचने से पहले राम ने फोन से सोनू को कॉल किया उसने
रिसीव नहीं किया। फिर दोस्त पवन के फोन से सोनू को कॉल किया तो सोनू ने
रिसीव कर लिया। जिस पर उसने खुद को मौसी का बेटा बताकर पार्लर का पता पूछा।
मेकअप के चलते सोनू की आंखें बंद थीं, उसने बात हल्के में ली और पार्लर का
पता बता दिया। फिर राम वहां पहुंचा और हत्या करके दोस्त पवन के साथ वहां
से भाग निकला।
अरमानों पर उड़े खून के छींटे
दूल्हे
गौरव के परिजन और सोनू के नागदा निवासी मौसा के बीच जान-पहचान थी। कुछ दिन
पहले बात निकली की गौरव की शादी करना है तो सोनू के रिश्तेदारों ने लड़की
देखने का प्रस्ताव दिया। 1 जुलाई को गौरव के रिश्तेदार सोनू को देखने
शाजापुर पहुंचे। सोनू से बात की और उसने हां कर दी रिश्ता पक्का करके गुरु
पूर्णिमा के दिन जावरा में दूल्हे के मामा के यहां शादी करना तय कर दिया।
घर बसने का सपने पर खून के छींटे उड़ गए।
खुद पार्लर तक छोड़ने गया था दूल्हा
गौरव
का परिवार नागदा का प्रतिष्ठित कारोबारी है। पिता राजेंद्र जैन (वागरेचा)
की ओझा मार्ग स्थित किराना दुकान है। राजेेंद्र के चाचा यशवंत वागरेचा
शिक्षण क्षेत्र से जुड़े हैं। तीन प्रतिष्ठित स्कूल है। एक अन्य चाचा कमल
जैन नागदा-खाचरौद विधायक दिलीपसिंह गुर्जर के राइट हैंड है। फिलहाल वे
इंदौर में निवासरत है। कमल जैन ने बताया रविवार सुबह ही दोनों परिवार जावरा
पहुंचे थे। 1 जुलाई को गौरव का रिश्ता पक्का किया था। रविवार सुबह 10.30
बजे सगाई होना थी, 12 बजे फेरे थे। सुबह 9 बजे दुल्हन के भाई सुधीर के साथ
गौरव भी दुल्हन सोनू को तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर तक छोड़ने गया था।
सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल्स से पकड़ा
सोनू
के मोबाइल पर पवन के फोन से जो कॉल आया था उसकी लोकेशन तथा पार्लर के बाहर
लगे सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरों के आधार पर पुलिस ने रतलाम निवासी
दोनों आरोपियों की पहचान कर ली और पवन को पकड़ लिया। राम यादव राजस्थान भाग
गया था। उसे निम्बाहेड़ा में पकड़ है।
आंखों देखी...सोनू दीदी कहकर आया और रेत दिया गला- रुचि यादव
हम
दीदी की बरात लेकर आए। रिसोर्ट में नाश्ता किया और दीदी को पार्लर लेकर
आए। 5 मिनट भैया छोड़कर गए। मेकअप हो रहा था दीदी का और उस लड़के का फोन
आया। पहले तो मैंने रिसीव किया। फिर दीदी ने कहा ला मेरी बात करवा दे। दीदी
ने कहा मैं पार्लर पर हूं। इतने में वह वहीं पर आ गया। वो पांच मिनट बैठा।
मैंने उससे पूछा कि आप कौन हो तो बोला कि मैं उसकी मौसी का लड़का हूं
राहुल। रतलाम से मिलने आया। वो बार-बार सोनू दीदी सोनू दीदी कह रहा था।
दीदी की तो मेकअप के कारण आंखें बंद थी। बस इतने में पार्लर वाले हेमंत
भैया टर्न हुए। मैं मेरा मोबाइल चला रही थी तभी उसने दीदी की गर्दन पर चाकू
मारे व चला गया। दीदी को खून ज्यादा आ रहा था। मैं घबरा गई। पार्लर वाले
भैया भी लड़के को पकड़ने दौड़े। इतने में मैंने दीदी को बाहर लाकर ऑटो में
बैठाया। अस्पताल लाई। इस बीच रास्ते में पुलिस अंकल मिले तो उन्हें
इन्फॉर्म किया। चार दिन पहले एकादशी के दिन ही रिश्ता तय हुआ और आज शादी
थी।
(जैसा दुल्हन की चचेरी बहन व फरियादी रुचि यादव ने बताया)